शीतयुद्ध का दौर Sheet Yuddh ka Daur class 12 | Class 12 Political Science Chapter 1

Class 12 Political Science Chapter 1 Notes in Hindi

1. Chapter Introduction: शीतयुद्ध का दौर

“शीतयुद्ध का दौर” कक्षा 12 राजनीति विज्ञान से लिया गया एक अत्यंत महत्वपूर्ण अध्याय है। इस अध्याय में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद उभरी दो महाशक्तियों (संयुक्त राज्य अमेरिका और सोवियत संघ) के बीच के तनाव, गुटनिरपेक्ष आंदोलन के उदय और नई अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक व्यवस्था से संबंधित सभी महत्वपूर्ण प्रश्नों का समाधान दिया गया है। ये सभी प्रश्न वार्षिक परीक्षा के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण हैं।

2. प्रमुख बिंदु (Key Points)

  • विश्व युद्ध: प्रथम विश्व युद्ध 1914 से 1918 तक और द्वितीय विश्व युद्ध 1939 से 1945 तक चला था।
  • महाशक्तियों का उदय: द्वितीय विश्व युद्ध में दुनिया के लगभग सभी देश सम्मिलित थे जो दो गुटों—मित्र राष्ट्र और धुरी राष्ट्र—में बंटे थे। युद्ध के बाद दुनिया दो गुटों में बंट गई। सोवियत संघ साम्यवादी विचारधारा तथा अमेरिका पूंजीवादी विचारधारा का समर्थक था।
  • परमाणु हमला: अमेरिका ने जापान के दो शहरों नागासाकी और हिरोशिमा पर 6 और 9 अगस्त 1945 को परमाणु बम गिराया था। बमों का नाम ‘लिटिल बॉय’ और ‘फैट मैन’ था।
  • सैन्य गठबंधन: सोवियत संघ ने 1955 में ‘वारसा पैक्ट’ की स्थापना की। वहीं अमेरिका ने NATO (1949), SEATO (1954) तथा CENTO (1955) की स्थापना की।

3. Full Summary / महत्वपूर्ण नोट्स

महाशक्तियों का छोटे देशों के साथ गठबंधन

महाशक्तियों के छोटे देशों के साथ गठबंधन करने के कई कारण थे: (1) महाशक्तियां छोटे देशों के प्राकृतिक संसाधनों का लाभ उठाना चाहती थीं। (2) वे वहां अपना सैन्य ठिकाना स्थापित करना चाहती थीं। (3) छोटे देश सैन्य खर्च उठाने में मददगार साबित होते थे। (4) छोटे देश दुश्मन देशों की जासूसी करने में सहायक होते थे। (5) इनके भू-क्षेत्र से महाशक्तियां सेना का संचालन करना चाहती थीं।

शीतयुद्ध के दायरे (Arenas of Cold War)

1948 में बर्लिन की नाकेबंदी, 1950 में कोरिया संकट, 1954 से 1975 तक वियतनाम में अमेरिकी हस्तक्षेप, 1956 में हंगरी में सोवियत संघ का हस्तक्षेप, और 1962 का क्यूबा मिसाइल संकट। ये सब शीतयुद्ध के दायरे थे जब दोनों महाशक्तियों के बीच प्रत्यक्ष रूप से युद्ध होने की संभावना थी।

दो ध्रुवीयता को चुनौती: गुटनिरपेक्ष आंदोलन

गुटनिरपेक्ष आंदोलन एशिया और अफ्रीका के नव स्वतंत्र राष्ट्रों के समक्ष अपनी स्वतंत्रता एवं प्रभुसत्ता को बनाए रखने का तीसरा विकल्प था – गुटनिरपेक्ष आंदोलन में शामिल हो जाना। इसका पहला सम्मेलन 1961 में यूगोस्लाविया की राजधानी बेलग्रेड में हुआ। इसकी नींव 1955 में एफ्रो-एशियाई सम्मेलन (बांडुंग सम्मेलन) में रखी गई थी। इसके संस्थापक नेता थे: (1) पं. जवाहरलाल नेहरू (भारत), (2) कर्नल नासिर (मिस्र), (3) डॉ. सुकर्णो (इंडोनेशिया), (4) मार्शल टीटो (यूगोस्लाविया), (5) वामे एनक्रूमा (घाना)।

नई अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक व्यवस्था (NIEO)

1972 में U.N.O. के व्यापार एवं विकास सम्मेलन (UNCTAD) में विकास के लिए एक नई व्यापार नीति का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, ताकि धनी देशों द्वारा नव-स्वतंत्र गरीब देशों का शोषण न हो सके। ‘Towards a New Trade Policy For Development’ (विकास के लिए नई व्यापारिक नीति की ओर) नाम से एक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।

भारत और शीतयुद्ध

शीतयुद्ध के दौरान भारत ने नव-स्वतंत्र राष्ट्रों का नेतृत्व किया तथा अपने राष्ट्रीय हितों को पूरा किया और दोनों महाशक्तियों के मतभेद को दूर करने का प्रयास किया।

महत्वपूर्ण शस्त्र नियंत्रण संधियां

(1) L.T.B.T (सीमित परमाणु परीक्षण संधि) – 5 अगस्त 1963
(2) SALT (सामरिक अस्त्र परिसीमन वार्ता) – 26 मई 1972 और दूसरा 18 जून 1979
(3) START (सामरिक अस्त्र न्यूनीकरण संधि) – 31 जुलाई 1991 और दूसरा 3 जनवरी 1993
(4) N.P.T (परमाणु अप्रसार संधि) – 1 जुलाई 1968। इस संधि के अनुसार पांच परमाणु-संपन्न देश ही परमाणु परीक्षण कर सकते थे, अन्य देश नहीं।

4. Multiple Choice Questions (20 MCQs)

Q1. शीतयुद्ध का आरंभ कब हुआ था?
(a) 1945 में | (b) 1965 में | (c) 1980 में | (d) 1992 में
Answer: (a) 1945 में

Q2. शीतयुद्ध का अंत कब हुआ?
(a) 1989 में | (b) 1990 में | (c) 1991 में | (d) 2000 में
Answer: (c) 1991 में

Q3. NATO का पूरा नाम क्या है?
(a) North Atlantic Treaty Organization | (b) North Asian Treaty Organization | (c) North American Treaty Organization | (d) North Atlantic Team Organization
Answer: (a) North Atlantic Treaty Organization

Q4. NATO की स्थापना कब हुई थी?
(a) 1939 में | (b) 1945 में | (c) 1949 में | (d) 1971 में
Answer: (c) 1949 में

Q5. NATO का नेतृत्व कौन-सा देश करता है?
(a) चीन | (b) ब्रिटेन | (c) रूस | (d) संयुक्त राज्य अमेरिका
Answer: (d) संयुक्त राज्य अमेरिका

Q6. सोवियत संघ के गुट का नाम क्या था?
(a) सीटो | (b) नाटो | (c) वारसा संधि | (d) सेंटो
Answer: (c) वारसा संधि

Q7. वारसा संधि की स्थापना कब हुई थी?
(a) 1955 में | (b) 1945 में | (c) 1959 में | (d) 1995 में
Answer: (a) 1955 में

Q8. शीतयुद्ध के दौरान पूंजीवाद की अगुवाई कौन-सा देश कर रहा था?
(a) संयुक्त राज्य अमेरिका | (b) ब्रिटेन | (c) सोवियत संघ | (d) चीन
Answer: (a) संयुक्त राज्य अमेरिका

Q9. शीतयुद्ध के दौरान साम्यवाद की अगुवाई कौन-सा देश कर रहा था?
(a) संयुक्त राज्य अमेरिका | (b) सोवियत संघ | (c) फ्रांस | (d) जर्मनी
Answer: (b) सोवियत संघ

Q10. किस देश ने जापान पर परमाणु बम गिराया था?
(a) अमेरिका | (b) रूस | (c) फ्रांस | (d) ब्रिटेन
Answer: (a) अमेरिका

Q11. हिरोशिमा पर परमाणु बम कब गिराया गया था?
(a) 6 अगस्त 1945 में | (b) 6 अगस्त 1946 में | (c) 10 अगस्त 1945 में | (d) 6 जनवरी 1945 में
Answer: (a) 6 अगस्त 1945 में

Q12. नागासाकी पर परमाणु बम कब गिराया गया था?
(a) 9 अगस्त 1945 में | (b) 9 अगस्त 1946 में | (c) 6 अगस्त 1945 में | (d) 9 नवम्बर 1945 में
Answer: (a) 9 अगस्त 1945 में

Q13. SEATO का पूरा नाम क्या है?
(a) Southeast Asia Team Organization | (b) Southeast Atlantic Treaty Organization | (c) South Asia Treaty Organization | (d) Southeast Asia Treaty Organization
Answer: (d) Southeast Asia Treaty Organization

Q14. CENTO का पूरा नाम क्या है?
(a) Center East North Treaty Organization | (b) Central East North Treaty Organization | (c) Central Treaty Organization | (d) None of these
Answer: (c) Central Treaty Organization

Q15. बर्लिन की दीवार कब खड़ी की गई थी?
(a) 1961 में | (b) 1962 में | (c) 1949 में | (d) 1989 में
Answer: (a) 1961 में

Q16. बर्लिन की दीवार कब गिराई गई थी ?
(a) 1961 में | (b) 1989 में | (c) 1990 में | (d) 1992 में
Answer: (b) 1989 में

Q17. सर्वप्रथम गुटनिरपेक्ष सम्मेलन कहाँ हुआ था?
(a) बेलग्रेड | (b) जिनेवा | (c) न्यूयॉर्क | (d) ढाका
Answer: (a) बेलग्रेड

Q18. सर्वप्रथम गुटनिरपेक्ष सम्मेलन कब हुआ था?
(a) 1989 में | (b) 1962 में | (c) 1972 में | (d) 1961 में
Answer: (d) 1961 में

Q19. बर्लिन की दीवार किसका प्रतीक है?
(a) शीतयुद्ध का | (b) द्वितीय विश्व युद्ध का | (c) प्रथम विश्व युद्ध का | (d) औद्योगिक क्रांति का
Answer: (a) शीतयुद्ध का

Q20. अमेरिका ने जापान के किन दो शहरों पर परमाणु बम गिराया था?
(a) सिंगापुर और हिरोशिमा | (b) नागासाकी और ह्वांग | (c) हिरोशिमा और नागासाकी | (d) इनमें से कोई नहीं
Answer: (c) हिरोशिमा और नागासाकी

5. Short Answer Type Questions

Q1. शीतयुद्ध का क्या अर्थ है?
Ans. शीतयुद्ध वह स्थिति है जिसमें दो देशों के बीच की राजनीतिक स्थिति में दरार पड़ जाती है। दोनों ही देश एक-दूसरे को मात देने की हर मुमकिन कोशिश करते हैं, लेकिन कोई रक्तरंजित युद्ध नहीं होता। 1945 से लेकर 1991 तक ऐसी ही स्थिति सोवियत संघ और अमेरिका के बीच बनी थी।

Q2. सोवियत प्रणाली क्या है?
Ans. समाजवादी सोवियत गणराज्य रूस में हुई 1917 की समाजवादी क्रांति के बाद अस्तित्व में आया। क्रांति के पश्चात् निजी संपत्ति की संस्था को समाप्त करने और समाज को समानता के सिद्धांत पर सचेत रूप से निर्मित करने के लिए जो विशिष्ट प्रणाली अपनाई गई, उसे सोवियत प्रणाली कहा गया।

Q3. मार्शल योजना क्या है ?
Ans. मार्शल योजना 5 जून, 1947 को तत्कालीन अमेरिकी विदेश मंत्री मार्शल द्वारा घोषित एक योजना का नाम है। इस योजना का लक्ष्य अमेरिका द्वारा यूरोप के उन राज्यों को वित्तीय सहायता देना था जो इसके लिए तैयार थे ताकि वे अपना पुनर्निर्माण कर सकें।

Q4. नई अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक व्यवस्था से आप क्या समझते हैं ?
Ans. एक ऐसी वैश्विक आर्थिक व्यवस्था जिसमें विकसित देशों के साथ विकासशील देशों को भी पर्याप्त विकास के साधन उपलब्ध हों। इसे ही नई वैश्विक आर्थिक व्यवस्था का नाम दिया गया है, ताकि विश्व के विभिन्न देश आर्थिक रूप से संपन्न हो सकें।

Q5. गुट-निरपेक्षता से आप क्या समझते हैं? या, गुट-निरपेक्ष क्या है?
Ans. गुट-निरपेक्षता का शाब्दिक अर्थ है किसी भी गुट में शामिल न होना। नव-स्वतंत्र देशों ने अपने विकास और स्वतंत्र विदेश नीति अपनाने के लिए दोनों गुटों (पूर्वी और पश्चिमी) से अलग रहने की नीति को अपनाया, इसे ही गुट-निरपेक्षता कहा गया।

Q6. निःशस्त्रीकरण का क्या अर्थ है? या, निःशस्त्रीकरण से आप क्या समझते हैं ?
Ans. निःशस्त्रीकरण का शाब्दिक अर्थ है सभी प्रकार के हथियारों के उत्पादन पर रोक लगा देना। इसका व्यावहारिक अर्थ है मानव कल्याण के लिए तथा बड़े युद्धों को टालने के लिए घातक हथियारों के उत्पादन पर रोक लगाना, उत्पादन सीमित रखना तथा उसके उपयोग का नियमन करना।

6. Long Answer Type Questions

Q1. दो-ध्रुवीय विश्व के आरंभ से आप क्या समझते हैं?
Ans. द्वितीय विश्व युद्ध के बाद दो अलग विचारधाराओं वाले देशों का उदय हुआ। पहला सोवियत संघ था जो कि साम्यवादी विचारधारा का समर्थक था जबकि दूसरा पूंजीवाद का समर्थक संयुक्त राज्य अमेरिका था। दोनों ही देशों के बीच राजनीतिक संबंध अच्छे नहीं थे। स्वयं को श्रेष्ठ बनाने के लिए दोनों ही देश अधिक से अधिक देशों के साथ गठबंधन करते चले गए। पूर्वी यूरोप सोवियत खेमे में और पश्चिमी यूरोप अमेरिकी खेमे में शामिल हो गया। इसी प्रकार पूरा विश्व पूर्वी तथा पश्चिमी गुट में बंट गया था, इसे ही दो-ध्रुवीय विश्व की शुरुआत कहा गया।

Q2. सोवियत प्रणाली की मुख्य विशेषताएँ क्या थीं ?
Ans. सोवियत प्रणाली की मुख्य विशेषताएँ निम्नलिखित थीं: (क) यह निजी संपत्ति की संस्था को समाप्त करने तथा समतामूलक समाज की स्थापना से प्रेरित थी। (ख) सोवियत राजनीतिक प्रणाली की धुरी कम्युनिस्ट पार्टी थी। इसमें किसी अन्य राजनीतिक दल या विपक्ष के लिए कोई जगह नहीं थी। (ग) अर्थव्यवस्था योजनाबद्ध और राज्य के नियंत्रण में थी। (घ) इस प्रणाली के द्वारा सोवियत संघ की सरकार ने अपने सभी नागरिकों के लिए एक न्यूनतम जीवन स्तर सुनिश्चित करने का प्रयास किया था।

Q3. सोवियत संघ के विघटन के कोई चार कारण बताइए।
Ans. सोवियत संघ के पतन के चार प्रमुख कारण निम्नलिखित हैं: (क) कम्युनिस्ट पार्टी का शासन – पार्टी ने 70 सालों तक शासन किया लेकिन वह जनता के प्रति जवाबदेह नहीं रह गई थी। (ख) संसाधनों का दुरुपयोग – अधिकांश संसाधनों का प्रयोग सैन्य हथियार बनाने में खर्च हुआ जिससे उपभोक्ता वस्तुओं में कमी आई। (ग) मिखाइल गोर्बाचेव की सुधार नीति – पेरेस्त्रोइका तथा ग्लासनोस्त जैसी नीतियों का अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा। (घ) पूंजीवादी देशों की उन्नति – पश्चिमी खेमे के लोग सुखी संपन्न थे, जिसे देखकर पूर्वी खेमे के देश खुद को स्वतंत्र घोषित करने लगे।

Q4. क्यूबा मिसाइल संकट क्या था? (Sheet Yuddh ka Daur)
Ans. क्यूबा अमेरिका का पड़ोसी होते हुए भी उसका जुड़ाव सोवियत संघ के साथ था। 1962 में सोवियत संघ के नेता निकिता ख्रुश्चेव ने क्यूबा को सैन्य अड्डा बनाने का निर्णय लिया तथा वहाँ परमाणु मिसाइलें तैनात कर दीं। इससे अमेरिका सीधे निशाने पर आ गया। अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी ने जंगी बेड़ों की सीमा को बढ़ाने का आदेश दिया और सोवियत जहाजों को रोक दिया। पहली बार दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने थीं। युद्ध होने वाला ही था लेकिन दोनों ही परमाणु-संपन्न देश होने के कारण आपसी बातचीत से युद्ध को टाला गया, इसे ही क्यूबा मिसाइल संकट कहा जाता है।

Q5. महाशक्तियां छोटे-छोटे देशों के साथ गठबंधन क्यों रखती थीं?
Ans. छोटे-छोटे देशों के साथ गठबंधन करने से महाशक्तियों को कई फायदे होते थे: (क) महत्वपूर्ण संसाधन – ताकि वहां पाए जाने वाले तेल और खनिज आदि का लाभ ले सकें। (ख) आर्थिक मदद – छोटे देश सैन्य खर्च को उठाने में मददगार साबित होते थे। (ग) सैनिक ठिकाने – यहाँ से दूसरे देशों की जासूसी करने में आसानी होती थी। (घ) भू-क्षेत्र – आवश्यकता पड़ने पर यहाँ से सैन्य हथियारों का संचालन आसानी से किया जा सकता था। (ङ) वर्चस्व – उन्हें लगता था कि जिसके गठबंधन में जितने ज्यादा देश होंगे, विश्व में उसी का वर्चस्व कायम होगा।

Q6. शीतयुद्ध से हथियारों की होड़ और हथियारों पर नियंत्रण- ये दोनों ही प्रक्रियाएँ उत्पन्न हुईं? इन दोनों प्रक्रियाओं के क्या कारण थे?
Ans. स्वयं को श्रेष्ठ साबित करने के लिए अमेरिका और सोवियत संघ में हथियारों की होड़ लगी। दोनों एक-दूसरे को शंका की नजर से देखते थे। महाशक्तियां खुद को अधिक ताकतवर बनाने के लिए नए सैन्य अड्डों की खोज और नए शस्त्रों के निर्माण में लग गईं, जिससे हथियारों की होड़ निरंतर जारी रही।
दूसरी तरफ, दोनों महाशक्तियां परमाणु-संपन्न देश होने के कारण युद्ध को टालने की कोशिश करती रहीं। तृतीय विश्व युद्ध की तबाही की आशंका को टालने के लिए हथियारों पर नियंत्रण की आवश्यकता को महसूस किया गया। अतः इस दिशा में दोनों देशों के बीच कई वार्ताएं हुईं और संधियों (LTBT, NPT, SALT, START) पर हस्ताक्षर किए गए।

1 thought on “शीतयुद्ध का दौर Sheet Yuddh ka Daur class 12 | Class 12 Political Science Chapter 1”

Leave a Comment