नियंत्रण तथा समन्वय | Niyantran tatha Samanvay | Best Class 10 Science Chapter 6 Notes

Niyantran tatha Samanvay: : नियंत्रण तथा समन्वय Niyantran tatha Samanway अध्याय 6 के सभी महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर पढ़ें। 10वीं विद्यार्थियों के लिए सटीक ओर सुलभ नोट्स। झारखण्ड पाठशाला में कक्षा 10 विज्ञान के सभी अध्यायों के समाधान उपलब्ध है।

1. Chapter Introduction

प्रिय विद्यार्थियों! JPathshala पर आपका स्वागत है। JAC बोर्ड 2026-27 के नए पाठ्यक्रम के अनुसार, आज हम कक्षा 10 विज्ञान का अध्याय 6 ‘नियंत्रण तथा समन्वय’ (Control and Coordination) का विस्तार से अध्ययन करेंगे। हमारे शरीर की सभी क्रियाएं (जैसे सोचना, चलना, गर्म वस्तु से हाथ हटाना) और पौधों की वृद्धि बिना किसी तालमेल के संभव नहीं है। जंतुओं में यह कार्य तंत्रिका तंत्र और हार्मोन्स द्वारा होता है, जबकि पौधों में केवल हार्मोन्स द्वारा। इस पोस्ट में हम इस पूरे अध्याय के महत्वपूर्ण नोट्स, 15 MCQs और सभी महत्वपूर्ण वर्णनात्मक प्रश्न-उत्तर कवर करेंगे।

2. Complete Notes: नियंत्रण तथा समन्वय

तंत्रिका तंत्र (Nervous System)

जंतुओं में नियंत्रण तथा समन्वय तंत्रिका तथा पेशी ऊतक द्वारा किया जाता है। तंत्रिका तंत्र की रचनात्मक और क्रियात्मक इकाई को तंत्रिका कोशिका (न्यूरॉन – Neuron) कहते हैं।

  • द्रुमिका (Dendrite): यह सूचनाओं को ग्रहण करती है।
  • कोशिकाकाय (Cell body): यहाँ से सूचनाएं विद्युत आवेग (Electrical impulse) के रूप में आगे बढ़ती हैं।
  • तंत्रिकाक्ष (Axon): यह आवेग को कोशिकाकाय से दूसरे न्यूरॉन तक पहुँचाता है।
  • सिनैप्स (Synapse): दो तंत्रिका कोशिकाओं के बीच के रिक्त स्थान को सिनैप्स कहते हैं। यहाँ विद्युत संकेत रासायनिक संकेत में बदल जाते हैं ताकि वे खाली जगह को पार कर सकें।

प्रतिवर्ती क्रिया (Reflex Action)

किसी उद्दीपन (जैसे अचानक गर्म वस्तु को छूना) के प्रति मस्तिष्क के हस्तक्षेप के बिना, मेरुरज्जु (Spinal Cord) द्वारा की गई अचानक और अनैच्छिक अनुक्रिया को प्रतिवर्ती क्रिया कहते हैं। जिस पथ से होकर आवेग यात्रा करता है, उसे प्रतिवर्ती चाप (Reflex Arc) कहते हैं।

मानव मस्तिष्क (Human Brain)

मस्तिष्क हमारे शरीर का मुख्य समन्वय केंद्र है। इसके तीन मुख्य भाग होते हैं:

  • अग्र मस्तिष्क (Forebrain): यह मस्तिष्क का मुख्य ‘सोचने वाला’ भाग है। यह ऐच्छिक कार्यों, याददाश्त, सूंघने, देखने और भूख से संबंधित केंद्र है।
  • मध्य मस्तिष्क (Midbrain): यह मुख्य रूप से अनैच्छिक क्रियाओं (जैसे पुतली के आकार में परिवर्तन) को नियंत्रित करता है।
  • पश्च मस्तिष्क (Hindbrain): इसके तीन भाग हैं: पोंस, मेडुला और अनुमस्तिष्क।
    * अनुमस्तिष्क (Cerebellum): शरीर का संतुलन बनाना और साइकिल चलाना आदि ऐच्छिक क्रियाओं की सटीकता।
    * मेडुला (Medulla): अनैच्छिक क्रियाएं जैसे रक्तचाप, उल्टी आना और हृदय की धड़कन।

पौधों में समन्वय (Coordination in Plants)

पौधों में तंत्रिका तंत्र नहीं होता, वे केवल रसायनों (पादप हार्मोनों) द्वारा अनुक्रिया करते हैं। पौधों में गतियाँ दो प्रकार की होती हैं: वृद्धि पर निर्भर (जैसे प्रतान का विकास) और वृद्धि से मुक्त (जैसे छुई-मुई की पत्तियां)।

  • अनुवर्तन (Tropism): बाह्य उद्दीपन की दिशा में पौधों की गति।
    प्रकाशानुवर्तन: प्रकाश की ओर तने की गति।
    गुरुत्वानुवर्तन: जड़ों का पृथ्वी (नीचे) की ओर जाना।
    जलानुवर्तन: जड़ों का पानी की ओर जाना।

पादप एवं जंतु हार्मोन (Plant and Animal Hormones)

  • ऑक्सिन (Auxin): प्ररोह (Tip) की वृद्धि और कोशिकाओं की लंबाई बढ़ाना।
  • जिबरेलिन (Gibberellin): तने की वृद्धि में सहायक।
  • साइटोकाइनिन (Cytokinin): कोशिका विभाजन (Cell division) को प्रेरित करता है।
  • एब्सिसिक अम्ल (Abscisic Acid – ABA): वृद्धि को रोकता है। पत्तियों का मुरझाना इसी के कारण होता है।

3. बहुविकल्पीय प्रश्न (15 MCQs)

Q1. दो तंत्रिका कोशिकाओं के मध्य खाली स्थान को क्या कहते हैं?
(a) द्रुमिका | (b) सिनैप्स (अंतर्ग्रथन) | (c) एक्सॉन | (d) आवेग
Answer: (b) सिनैप्स (अंतर्ग्रथन)
Q2. मानव मस्तिष्क उत्तरदायी है:
(a) सोचने के लिए | (b) हृदय स्पंदन के लिए | (c) शरीर का संतुलन बनाने के लिए | (d) उपरोक्त सभी
Answer: (d) उपरोक्त सभी
Q3. शरीर का संतुलन मस्तिष्क का कौन सा भाग बनाता है?
(a) प्रमस्तिष्क | (b) अनुमस्तिष्क (Cerebellum) | (c) मेडुला | (d) पोंस
Answer: (b) अनुमस्तिष्क (Cerebellum)
Q4. निम्नलिखित में से कौन सा एक पादप हार्मोन है?
(a) इंसुलिन | (b) थायरॉक्सिन | (c) एस्ट्रोजन | (d) साइटोकाइनिन
Answer: (d) साइटोकाइनिन
Q5. पत्तियों का मुरझाना किस पादप हार्मोन के कारण होता है?
(a) जिबरेलिन | (b) साइटोकाइनिन | (c) एब्सिसिक अम्ल | (d) ऑक्सिन
Answer: (c) एब्सिसिक अम्ल
Q6. मधुमेह (Diabetes) रोग किस हार्मोन की कमी से होता है?
(a) एड्रिनलीन | (b) इंसुलिन | (c) टेस्टोस्टेरोन | (d) थायरॉक्सिन
Answer: (b) इंसुलिन
Q7. घेंघा (Goiter) रोग पनपता है:
(a) चीनी की कमी से | (b) आयोडीन की कमी से | (c) रक्त की कमी से | (d) मोटापे से
Answer: (b) आयोडीन की कमी से
Q8. मास्टर ग्रंथि (Master Gland) किसे कहते हैं?
(a) थायराइड ग्रंथि | (b) अग्न्याशय | (c) पीयूष ग्रंथि (Pituitary) | (d) वृषण
Answer: (c) पीयूष ग्रंथि (Pituitary)
Q9. रुधिर चाप (Blood Pressure) और वमन (उल्टी आना) जैसी अनैच्छिक क्रियाएं मस्तिष्क के किस भाग द्वारा नियंत्रित होती हैं?
(a) मेडुला | (b) पोंस | (c) अनुमस्तिष्क | (d) हाइपोथैलेमस
Answer: (a) मेडुला
Q10. पराग नलिका का बीजांड की ओर वृद्धि करना किस प्रकार का अनुवर्तन है?
(a) प्रकाशानुवर्तन | (b) गुरुत्वानुवर्तन | (c) जलानुवर्तन | (d) रसायनानुवर्तन
Answer: (d) रसायनानुवर्तन
Q11. ‘लड़ो या उड़ो’ (Fight or Flight) हार्मोन किसे कहा जाता है?
(a) इंसुलिन | (b) एड्रिनलीन | (c) ऑक्सिन | (d) एस्ट्रोजन
Answer: (b) एड्रिनलीन
Q12. तंत्रिका कोशिका (न्यूरॉन) में सूचनाएँ कहाँ उपार्जित की जाती हैं?
(a) तंत्रिकाक्ष (एक्सॉन) | (b) द्रुमिका (Dendrite) | (c) कोशिकाकाय | (d) तंत्रिका का अंतिम सिरा
Answer: (b) द्रुमिका (Dendrite)
Q13. पौधों में कोशिका विभाजन को कौन सा हार्मोन प्रेरित करता है?
(a) साइटोकाइनिन | (b) एब्सिसिक अम्ल | (c) ऑक्सिन | (d) इनमें से कोई नहीं
Answer: (a) साइटोकाइनिन
Q14. नर में यौवनारंभ के लक्षणों को कौन सा हार्मोन नियंत्रित करता है?
(a) एस्ट्रोजन | (b) टेस्टोस्टेरोन | (c) एड्रिनलीन | (d) इंसुलिन
Answer: (b) टेस्टोस्टेरोन
Q15. प्रतिवर्ती चाप (Reflex Arc) कहाँ बनते हैं?
(a) मस्तिष्क में | (b) मेरुरज्जु (Spinal Cord) में | (c) पेशी ऊतक में | (d) हृदय में
Answer: (b) मेरुरज्जु (Spinal Cord) में

4. 1 अंक स्तरीय प्रश्न तथा उत्तर (1 Mark Questions)

Q1. शरीर का प्रमुख समन्वय केंद्र क्या है?
Ans. मस्तिष्क।
Q2. प्रतिवर्ती क्रिया तंत्रिका तंत्र के किस भाग द्वारा संचालित की जाती हैं?
Ans. मेरुरज्जु (Spinal Cord)।
Q3. प्रतिवर्ती चाप कहां बनते हैं?
Ans. मेरुरज्जु (Spinal cord) में।
Q4. तंत्रिका तंत्र का संरचनात्मक और क्रियात्मक इकाई का नाम लिखें।
Ans. तंत्रिका कोशिका या न्यूरॉन।
Q5. मानव शरीर में सबसे लम्बी कोशिका का नाम लिखें।
Ans. तंत्रिका कोशिका या न्यूरॉन।
Q6. रेनवीयर्स की गांठ (Nodes of Ranvier) कहां पाई जाती हैं?
Ans. न्यूरॉन (तंत्रिका कोशिका) के एक्सॉन में।
Q7. मस्तिष्क का कौन-सा भाग स्थिति और गमन को नियंत्रित करता है?
Ans. पश्चमस्तिष्क का अनुमस्तिष्क (Cerebellum) भाग आसन और गमन समन्वय का नियंत्रण करता है।
Q8. मानव मस्तिष्क का कौन-सा भाग देखने और सूंघने की क्रियाओं को नियंत्रित करता है?
Ans. अग्रमस्तिष्क का प्रमस्तिष्क (Cerebrum) भाग।
Q9. मस्तिष्क का कौन-सा भाग शरीर की स्थिति तथा संतुलन का अनुरक्षण करता है?
Ans. अनुमस्तिष्क (Cerebellum)।
Q10. भूख की सूचना मस्तिष्क का कौन-सा भाग प्राप्त करता है?
Ans. अग्रमस्तिष्क।
Q11. श्वसन क्रिया का नियंत्रण मस्तिष्क के किस भाग द्वारा होता है?
Ans. पोंस (Pons) और मेडुला।
Q12. मानव मस्तिष्क का कौन-सा भाग बुद्धि एंव याददाश्त के लिए उत्तरदायी है?
Ans. प्रमस्तिष्क (Cerebrum)।
Q13. मानव मस्तिष्क का प्रमुख सोचने वाला भाग क्या है?
Ans. अग्रमस्तिष्क।
Q14. मानव मस्तिष्क का कौन-सा भाग लार का स्राव, रक्तचाप और उल्टी की क्रियाओं को नियंत्रित करता है?
Ans. पश्चमस्तिष्क में स्थित मेडुला (Medulla)।
Q15. मस्तिष्क का कौन-सा भाग सीधी रेखा में चलने, साईकिल चलाने या पेंसिल उठाने से संबंधित होता है?
Ans. अनुमस्तिष्क (पश्चमस्तिष्क का भाग)।
Q16. उस तंत्रिका कोशिका का नाम लिखे जो संवेदी तंत्रिका कोशिका और प्रेरक तंत्रिका कोशिका को जोड़ने का कार्य करती है?
Ans. अंतरातंत्रिकाणु (Interneuron)।
Q17. मस्तिष्क या मेरुरज्जु से परावर्तित होने के बाद आवेग प्रेरक न्यूरॉनों से होकर कहां जाते हैं?
Ans. प्रभावी अंग (Effector organ) जैसे पेशियों या ग्रंथियों में।
Q18. दो तंत्रिका कोशिका के मध्य खाली स्थान को क्या कहते हैं?
Ans. सिनेप्स (Synapse)।
Q19. दो तंत्रिका कोशिकाओं की द्रुमिकाओं के संधिस्थल को क्या कहते हैं?
Ans. अंतर्ग्रथन या सिनैप्स।
Q20. पराग नलिका का बीजांड की ओर वृद्धि करना किस प्रकार का अनुवर्तन है?
Ans. रसायनानुवर्तन (Chemotropism)।

5. 2 और 3 अंक स्तरीय प्रश्न तथा उत्तर (Short Answer)

Q21. नियंत्रण और समन्वय क्या है?
Ans. जीवधारियों के शरीर में प्राकृतिक रूप से उपलब्ध ऐसी रासायनिक और शरीर क्रियात्मक व्यवस्था जिसके द्वारा शारीरिक क्रियाएं आवश्यकतानुसार नियंत्रण में रहती हैं और विभिन्न अंगों के बीच आपसी ताल-मेल बना रहता है, नियंत्रण और समन्वय (Control and Coordination) कहलाती है।
Q22. प्रतिवर्ती क्रिया किसे कहते हैं? उदाहरण लिखें।
Ans. जीवधारियों में किसी दृश्य या अदृश्य, वाह्य अथवा आंतरिक उद्दीपन के प्रभाव में होने वाली अनैच्छिक क्रियाएं जिनका संचालन एवं समन्वयन प्राय: मेरुरज्जु की तंत्रिकाओं द्वारा होता है, प्रतिवर्ती क्रियाएं (Reflex Actions) कहलाती हैं।
उदाहरण: अचानक गर्म वस्तु छूने पर हाथ हटाना, खांसना, छींक आना, डर जाना आदि।
Q23. अग्रमस्तिष्क के कार्यों का उल्लेख करें।
Ans. (i) अग्रमस्तिष्क में संवेदी अंगों से सूचनाएं प्राप्त की जाती हैं और आवेगों को कार्यकारी अंगों तक भेजा जाता है।
(ii) उद्दीपनों को ग्रहण कर ऐच्छिक अनुक्रिया अग्रमस्तिष्क द्वारा ही संपन्न होती है।
(iii) कई प्रकार की जटिल मानसिक क्रियाएं जैसे तर्क शक्ति, बुद्धि, विचार, प्रतिभा, याददाश्त आदि के केंद्र अग्रमस्तिष्क में ही होते हैं।
Q24. मधुमेह (Diabetes) क्या है? यह क्यों होता है?
Ans. यदि शरीर में ‘इंसुलिन’ हार्मोन का स्राव उचित मात्रा में नहीं हो तो मधुमेह नामक रोग हो जाता है। ऐसे रोगी के रक्त में शर्करा (Glucose) की मात्रा असंतुलित होकर बढ़ जाती है। इससे शरीर के कई अंगों पर बहुत हानिकारक प्रभाव पड़ते हैं।
Q25. पीयूष ग्रंथि को मास्टर ग्रंथि क्यों कहा जाता है?
Ans. पीयूष ग्रंथि (Pituitary Gland) मस्तिष्क के निचले भाग में स्थित होती है। यह वृद्धि हार्मोन स्रावित करके हड्डी तथा ऊतकों की वृद्धि को नियमित करती है। इसे मास्टर ग्रंथि इसलिए कहते हैं क्योंकि यह ऐसे हार्मोन स्रावित करती है जो शरीर की अन्य सभी अंतःस्रावी ग्रंथियों (जैसे थायराइड, एड्रिनल आदि) के कार्यों को नियंत्रित करते हैं।
Q26. जब एड्रीनलीन रुधिर में स्रावित होता है तो हमारे शरीर में क्या अनुक्रिया होती है?
Ans. एड्रीनलीन हार्मोन एड्रिनल ग्रंथि से स्रावित होता है तथा सीधे रक्त में पहुंचकर पूरे शरीर में फैल जाता है। यह हृदय को प्रभावित करता है जिससे हृदय की धड़कन तेज हो जाती है और पूरे शरीर में ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ जाती है। श्वास-दर तेज हो जाती है और पेशियों को अधिक ऑक्सीजन मिलती है। इन परिवर्तनों के कारण जीव का शरीर आपातकालीन या असामान्य स्थिति (जैसे डर, गुस्सा) से निपटने के लिए सक्षम हो जाता है।
Q27. जंतुओं में रासायनिक समन्वय कैसे होता है?
Ans. जंतुओं में रासायनिक समन्वय जंतु हार्मोनों द्वारा होता है। उच्च श्रेणी के जंतुओं (जैसे- मनुष्य) में हार्मोन अंतःस्रावी ग्रंथियों (Endocrine Glands) में बनते हैं। ये जटिल रासायनिक यौगिक होते हैं जो इन ग्रंथियों से स्रावित होकर सीधे रक्त में मिल जाते हैं और शरीर के दूसरे क्षेत्र में स्थित विशिष्ट अंग (Target Organ) पर अपना प्रभाव डालते हैं।
Q28. आयोडीन युक्त नमक के उपयोग की सलाह क्यों दी जाती है?
Ans. आयोडीन गले में स्थित थायराइड ग्रंथि द्वारा स्रावित हार्मोन ‘थायरॉक्सिन’ के निर्माण (संश्लेषण) में अत्यंत आवश्यक है। भोजन में लगातार बहुत दिनों तक आयोडीन की कमी बने रहने पर थायराइड ग्रंथि में सूजन आ जाती है जो बाहर से ‘घेंघा (Goiter)’ रोग के रूप में दिखाई पड़ती है। यही कारण है कि घेंघा रोग से बचने के लिए आयोडीन युक्त नमक के प्रयोग की सलाह दी जाती है।
Q29. मधुमेह के कुछ रोगियों की चिकित्सा इंसुलिन का इंजेक्शन देकर क्यों की जाती है?
Ans. इंसुलिन एक हार्मोन है जो अग्न्याशय (Pancreas) की अंतःस्रावी ग्रंथियों में बनता है। यह रक्त में शर्करा (Sugar) के स्तर को नियंत्रित करता है। यदि किसी व्यक्ति के शरीर में इंसुलिन का स्राव कम या बंद हो जाए तो रक्त में शर्करा का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ जाएगा जिससे उसे अनेक प्रकार के कष्ट होंगे (मधुमेह रोग)। ऐसे रोगियों के रक्त में शर्करा का स्तर सामान्य रखने के लिए उन्हें बाहर से इंसुलिन हार्मोन का इंजेक्शन देना पड़ता है।
Q30. अग्र मस्तिष्क के कोई दो कार्य लिखें।
Ans. अग्र मस्तिष्क के कोई दो कार्य निम्नलिखित हैं:
(i) शरीर की संपूर्ण ऐच्छिक जैविक क्रियाओं का नियंत्रण तथा समन्वयन करना।
(ii) शरीर की महत्वपूर्ण मानसिक क्रियाओं जैसे सोचना, स्मरण (याददाश्त), तथा ज्ञानेन्द्रियों की क्रियाशीलता पर नियंत्रण रखना।

6. 5 अंक स्तरीय प्रश्न तथा उत्तर (Long Answer)

Q1. मानव मस्तिष्क के विभिन्न भागों के नाम लिखें और कार्यों का वर्णन करें।
Ans. मानव मस्तिष्क को मुख्य रूप से तीन भागों में बांटा जाता है: अग्रमस्तिष्क, मध्य मस्तिष्क और पश्चमस्तिष्क (जिसमें अनुमस्तिष्क, पोंस और मेडुला ऑब्लोंगेटा शामिल हैं)।

1. प्रमस्तिष्क (Cerebrum – अग्रमस्तिष्क का भाग) के कार्य:
मानसिक क्रियाएं: यह सोचने, विचार करने, स्मरण शक्ति, जागरूकता, तर्कशक्ति और नैतिक ज्ञान का केंद्र है。
संवेदना: दर्द, गर्मी, स्पर्श, प्रकाश की अनुभूति, श्रवण और गंध का ज्ञान कराता है。
– यह ऐच्छिक पेशियों को सक्रिय बनाता है और उनकी क्रियाओं को नियंत्रित करता है。

2. अनुमस्तिष्क (Cerebellum – पश्चमस्तिष्क का भाग):
यह ऐच्छिक पेशीय गतियों को सटीकता से नियंत्रित करने एवं शारीरिक संतुलन (Posture and Balance) बनाए रखने का कार्य करता है। (जैसे सीधा चलना या साइकिल चलाना)।

3. मेडुला ऑब्लोंगेटा (Medulla Oblongata):
यह हृदय की धड़कन, रक्तचाप (Blood pressure), लार का स्राव, उल्टी आना तथा निगलने जैसी सभी अनैच्छिक क्रियाओं का नियंत्रण करता है।
Q2. जंतुओं में नियंत्रण एवं समन्वय के लिए तंत्रिका तथा हार्मोन क्रियाविधि की तुलना करें।
Ans. जंतुओं में नियंत्रण एवं समन्वय के लिए तंत्रिका तथा हार्मोन क्रियाविधि में मुख्य अंतर निम्नलिखित है:
तंत्रिका कार्यविधि (Nervous Control) हार्मोनल कार्यविधि (Hormonal Control)
1. शरीर में तंत्रिकाओं (Neurons) का एक जाल बना होता है जो केंद्रीय तंत्रिका तंत्र से जुड़ा रहता है। 1. इस प्रकार का कोई जाल शरीर में नहीं होता। हार्मोन सीधे रक्त में स्रावित होते हैं।
2. इसमें सूचनाएं विद्युत आवेग (Electrical impulses) के रूप में बहुत तेज़ी से चलती हैं। 2. इसमें सूचनाएं रासायनिक यौगिकों (Hormones) के रूप में धीमी गति से चलती हैं।
3. इसका प्रभाव बहुत कम समय (अल्पकालिक) के लिए रहता है। 3. हार्मोन का प्रभाव लंबे समय (दीर्घकालिक) तक बना रहता है।
4. सभी प्रकार की क्रियाएं मस्तिष्क तथा मेरुरज्जु द्वारा नियंत्रित होती हैं। 4. विशिष्ट हार्मोन केवल विशिष्ट अंगों (Target organs) के कार्यों को ही नियंत्रित करता है।
Q3. अनैच्छिक क्रियाएं तथा प्रतिवर्ती क्रियाएं एक दूसरे से किस प्रकार भिन्न हैं?
Ans. प्रतिवर्ती क्रियाओं तथा अनैच्छिक क्रियाओं में मुख्य अंतर निम्नलिखित है:
प्रतिवर्ती क्रियाएं (Reflex Actions) अनैच्छिक क्रियाएं (Involuntary Actions)
1. ये क्रियाएं मुख्य रूप से मेरुरज्जु (Spinal Cord) द्वारा नियंत्रित रहती हैं। 1. ये क्रियाएं मस्तिष्क (मुख्यतः मेडुला और मध्य मस्तिष्क) द्वारा नियंत्रित रहती हैं।
2. ये बहुत तीव्र होती हैं (1 सेकंड से भी कम समय में पूर्ण हो जाती हैं)। 2. इनके पूरा होने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगता है।
3. उद्दीपन प्राप्त होने के तुरंत बाद ही अनुक्रिया होती है। 3. ये शरीर के अंदर लगातार चलती रहती हैं (जैसे हृदय का धड़कना)।
4. ये मुख्य रूप से बाहरी या पर्यावरणीय उद्दीपन के कारण होती हैं (जैसे गर्म वस्तु छूना)। 4. इनके लिए किसी बाहरी पर्यावरणीय उद्दीपन की आवश्यकता नहीं होती।
Q4. अंतःस्रावी ग्रंथि किसे कहते हैं? किन्हीं दो महत्वपूर्ण अंतःस्रावी ग्रंथि द्वारा स्रावित हार्मोन के नाम लिखें और वर्णन करें।
Ans. अंतःस्रावी ग्रंथियां (Endocrine Glands): ऐसी नलिकाविहीन ग्रंथियां जो जंतु के शरीर के अंदर रासायनिक पदार्थों (हार्मोन) का स्राव करती हैं, अंतःस्रावी ग्रंथियां कहलाती हैं। इनके हार्मोन का प्रवाह सीधे रक्त में होता है।

1. पीयूष ग्रंथि (Pituitary Gland) द्वारा स्रावित हार्मोन:
वृद्धि हार्मोन (Growth Hormone): यह हड्डियों और शरीर की वृद्धि को नियंत्रित करता है। यौवनारंभ के पूर्व इसका स्राव अधिक हो तो व्यक्ति की लंबाई असामान्य रूप से बढ़ जाती है और कम होने पर बौनापन हो जाता है。
थायराइड उत्तेजक हार्मोन (TSH): यह थायराइड ग्रंथि को उत्तेजित करता है और हार्मोन स्राव को बढ़ाता है。
जनन ग्रंथि नियंत्रक हार्मोन: यह वृषण और अंडाशय में जनन हार्मोनों के स्राव को नियंत्रित करता है。

2. थायराइड ग्रंथि (Thyroid Gland) द्वारा स्रावित हार्मोन (थायरॉक्सिन) के कार्य:
– यह शरीर की वृद्धि और विकास के लिए बहुत आवश्यक है。
– यह शरीर में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और वसा के कोशिकीय उपापचय (Metabolism) की गति को नियंत्रित करता है。
– यह हृदय की पेशियों और तंत्रिका तंत्र की सामान्य क्रियाशीलता के लिए आवश्यक है。
पैराथायराइड ग्रंथि: यह हड्डियों तथा रक्त में कैल्शियम की मात्रा को नियंत्रित करती है।